| - जंक्शन पर बनेगी दो मल्टी स्टोरी पार्किंग - Amar Ujala by riteshexpert on 02 August, 2013 - 03:00 PM | ||
|---|---|---|
riteshexpert | - जंक्शन पर बनेगी दो मल्टी स्टोरी पार्किंग - Amar Ujala on 02 August, 2013 - 03:00 PM | |
इलाहाबाद। इलाहाबाद जंक्शन के सिटी और सिविल लाइंस साइड सरकुलेटिंग एरिया में ध्वस्त पार्किंग व्यवस्था को लेकर रेलवे प्रशासन संजीदा हो गया है। नए मास्टर प्लान में जंक्शन के दोनों साइड एक-एक मल्टी स्टोरी पार्किंग का प्रस्ताव तैयार होने जा रहा है। उम्मीद है कि दोनों पार्किंग पांच-पांच मंजिला होंगी। इसके साथ ही सिविल लाइंस सरकुलेटिंग एरिया में नया स्टेशन भवन और सभी प्लेटफार्मों को जोड़ने के लिए आठ मीटर चौड़े अंडर पास के प्रस्ताव भी हकीकत का चोला पहनेंगे। भविष्य में यात्रियों और ट्रेनों की भीड़ का आकलन करते हुए 12 और 13 नंबर नए प्लेटफार्म की रूपरेखा भी बनने लगी है। जंक्शन के यह सभी काम मास्टर प्लान में शामिल किए जाएंगे। संभावना है कि एक मल्टी स्टोरी पार्किंग का प्रस्ताव रेल बजट 2014-15 के लिए प्रस्तावित किया जा सकता है। नए भवन कहां बनेंगे, नए मास्टर प्लान में इसका स्थान भी तय कर दिया जाएगा। महाकुंभ के पहले इलाहाबाद आए तत्कालीन रेलवे बोर्ड अध्यक्ष ने मास्टर प्लान बनाने का निर्देश दिया था। महाकुंभ के कारण यह कार्य फौरन नहीं हो सके। अब इनमें तेजी आने की संभावना है। मल्टी स्टोरी पार्किंग, भूमिगत मार्ग, स्टेशन बिल्डिंग, सरकुलेटिंग एरिया के विस्तार समेत कई कार्यों के प्रस्ताव बनाए गए लेकिन यह निर्माण कहां होंगे? यह तय नहीं हुआ। तीन दिन पहले महाप्रबंधक आलोक जौहरी ने वर्क्स रिव्यू मीटिंग के दौरान मास्टर प्लान को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि प्रस्तावित कार्यों के लिए मास्टर प्लान में ही स्थान तय कर दिए जाएं। भविष्य में स्टेशन पर होने वाले सभी कार्य इसी प्लान के मुताबिक होंगे। सूत्रों के मुताबिक सिविल लाइंस सरकुलेटिंग एरिया में मल्टी फंक्शनल कॉप्लेक्स से मजार की ओर जाने वाले फुटओवर ब्रिज तक नई स्टेशन बिल्डिंग के प्रस्ताव भी बनेंगे। सिविल लाइंस साइड में बने यात्री हॉल को भी इस भवन से जोड़ दिया जाएगा। अभी मुख्य मार्ग से जंक्शन का स्वरूप नहीं दिखता। नए प्लान में सिविल लाइंस सरकुलेटिंग एरिया को ऐसा स्वरूप दिया जाएगा, जिसकी भव्यता नवाब यूसुफ रोड से सीधी दिखे। | ||