| - पटना संपर्क क्रांति पटरी से उतरी, ट्रेनें फंसी by railenquiry on 28 April, 2013 - 09:00 AM | ||
|---|---|---|
railenquiry | - पटना संपर्क क्रांति पटरी से उतरी, ट्रेनें फंसी on 28 April, 2013 - 09:00 AM | |
इलाहाबाद। नई दिल्ली से राजेंद्र नगर जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस शुक्रवार की रात हादसे का शिकार हो गई। ट्रेन का एक कोच फफूंद स्टेशन के पास पटरी से उतर गया। देर रात तक घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है। हालांकि, दर्जनों यात्रियों के घायल होने की आशंका है। रात करीब 12 बजे तक घटना स्थल पर दुर्घटना राहत ट्रेन और दुर्घटना राहत मेडिकल वैन पहुंची। इसके बाद बचाव और राहत के कार्य शुरू किए गए। दूसरी ओर इस दुर्घटना के कारण नई दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग देर रात तक बंद रहा। भोर तक ट्रेनों के आवागमन शुरू होने की संभावना जताई गई। बताते हैं कि गाड़ी संख्या 12394 नई दिल्ली-राजेंद्र नगर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस इटावा और कानपुर के बीच रात फफूंद स्टेशन के पास पहुंची। ट्रेन को लूप लाइन से निकाला जा रहा था। स्टेशन यार्ड में होने के कारण ट्रेन की रफ्तार थोड़ी धीमी थी। यार्ड में ही तेज झटके के साथ रात 9.58 बजे ट्रेन के एस-10 कोच के कई पहिये पटरी से उतर गए। झटका लगने पर ट्रेन चालक को किसी अनहोनी की आशंका हुई तो इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इससे दिल्ली से आने वाली डाउन लाइन और अप लाइन पर ट्रेन संचालन पूरी तरह बंद हो गया। घटना की सूचना रेलवे कंट्रोल को दी गई। यात्री कोच के पटरी से उतरने की सूचना के कारण रेलवे में हड़कंप मच गया। आननफानन में कानपुर और टूंडला से एआरटी और एआरएमई को रवाना किया गया। राहत और बचाव से जुड़े कर्मचारी रात करीब 12 बजे तक पहुंच सके। दूसरी ओर घटना के कारण गाड़ी संख्या 12382 पूर्वा एक्सप्रेस, 15708 अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस, 12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस और 12260 नई दिल्ली-सियालदह एक्सप्रेस को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। गनीमत रही कि घटना के पहले सभी राजधानी एक्सप्रेस निकल चुकी थीं। इसकी वजह से दिल्ली, मेरठ और आगरा की ओर से आने वाली ट्रेनें सुबह इलाहाबाद जंक्शन पर विलंब से पहुंच सकती हैं। | ||