| 18 घंटे बाद पटरी पर दौड़ी ट्रेन by riteshexpert on 21 August, 2013 - 08:57 PM | ||
|---|---|---|
riteshexpert | 18 घंटे बाद पटरी पर दौड़ी ट्रेन on 21 August, 2013 - 08:57 PM | |
धमहरा घाट रेलवे स्टेशन पर सोमवार को हुए हादसे के 18 घंटे बाद परिचालन फिर सामान्य कर दिया गया है। इस बीच लोग राह बदलकर या जहां-जहां रुककर स्थिति के सामान्य होने का इंतजार कर रहे थे। डुमरी घाट पर पुल के क्षतिग्रस्त रहने से खगड़िया-सहरसा के बीच आवागमन दुरूह हो गया है। घटना के करीब 18 घंटे के बाद सोमवार को ही रात्रि के करीब 12 बज कर 57 मिनट पर जनसेवा को लाइन नंबर एक से पास कराया गया। पैसेंजर 55556 डाउन को एक बज कर 56 मिनट पर व जानकी एक्सप्रेस को सुबह 4 बजकर 42 मिनट पर मानसी के तरफ, पैसैंजर 55555 अप को सुबह 5 बजकर 18 मिनट पर, पैसेंजर 55553 को 10 बजकर 27 मिनट पर एवं हाटे बाजारे 13164 डाउन को दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर एक नंबर लाइन से ही पास कराया गया। स्टेशन उपाधीक्षक आरबीआर राजेश ने बताया कि स्टेशन के इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को लोगों द्वारा क्षतिग्रस्त कर देने से परिचालन में बाधा आ रही है। सही तरीके से ट्रेनों के परिचालन में एक सप्ताह का समय लग सकता है। खास बात यह रही कि स्टेशन से टिकट की बिक्री नहीं की जा सकी। श्री राजेश ने बताया कि आक्रोशित लोगों द्वारा लॉकर में रखे हुए मैन्युअल टिकटों को लूट लिया गया। साथ ही कम्प्यूटर क्षतिग्रस्त कर दिए जाने के कारण भी टिकट नहीं काटे जा सके। यात्रियों को गंतव्य स्थान जाने के लिए अगले स्टेशन पर टिकट प्राप्त करने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। दियारा क्षेत्र से बाहर जाने के लिए आवागमन का एकमात्र साधन रेल ही है। बताते चलें कि स्टेशन पर लगे परिचालन संबंधी कई यंत्रों को आक्रोशित लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं दो व तीन नंबर ट्रैक पर क्षतिग्रस्त राज्यरानी व पैसेंजर ट्रेन खड़ी थी। मंगलवार को दोनों ट्रेनों को यहां से दूसरी जगह ले जाकर ट्रैक खाली कराया गया। | ||