| ट्रेन आ गई, खुला ही रहा फाटक by Mafia on 03 April, 2013 - 03:01 AM | ||
|---|---|---|
Mafia | ट्रेन आ गई, खुला ही रहा फाटक on 03 April, 2013 - 03:01 AM | |
मनीमाजरा। माडर्न कांप्लेक्स मनीमाजरा के फाटक पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। फाटक से ट्रेन चंद गज की दूरी पर थी, वहां से वाहन आ-जा रहे थे, लेकिन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ने फाटक बंद ही नहीं किया। एक जागरूक पंचकूला निवासी भागकर गेटमैन के पास गया और आनन-फानन में फाटक बंद करवाया। यदि समय पर फाटक बंद नहीं होता तो कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। शहरवासी द्वारा गेटमैन को जब उसकी गलती बताई गई तो उल्टा वह उससे ही झगड़ने लगा। रविवार शाम साढे़ चार बजे माडर्न कांप्लेक्स रेलवे फाटक पर एक ट्रेन कालका की ओर जा रही थी। ट्रेन फाटक से महज थोड़ी ही दूरी पर थी, लेकिन गेटमैन ने फाटक बंद नहीं किया। वाहन फाटक खुला होने की वजह से लगातार फाटक को क्रॉस कर रहे थे। कई लापरवाह वाहन चालकों की वजह से वाहन ट्रैक पर फंस भी रहे थे, लेकिन इतने में वहां पर पंचकूला निवासी गगनदीप अपनी बाइक पर पहुंचा। उसने यह लापरवाही देखी तो चिल्ला-चिल्लाकर गेटमैन को फाटक बंद करने को कहा, लेकिन उसने नहीं सुनी। गगनदीप ने बताया कि उसने अपनी बाइक साइड में खड़ी की, तब तक ट्रेन महज 25 गज की दूरी पर आ गई थी। वह भागकर गेटमैन के पास गया और फाटक को बंद करवाया, तब कहीं जाकर ट्रैफिक रुका। उसने जब गेटमैन से फाटक बंद न करने का कारण पूछा तो वह उल्टा उससे ही झगड़ने लगा। वहीं, अंबाला रेल मंडल के अधिकारियों के संज्ञान में यह मामला आ चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस मामले की जांच करवाई जाएगी। इस मामले में जो भी दोषी पाया गया, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। | ||