| एआइएसएफ कार्यकर्ता उतरे रेल पटरी पर, किया रोषपूर्ण प्रदर्शन by messanger on 29 January, 2013 - 03:00 PM | ||
|---|---|---|
messanger | एआइएसएफ कार्यकर्ता उतरे रेल पटरी पर, किया रोषपूर्ण प्रदर्शन on 29 January, 2013 - 03:00 PM | |
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सोमवार को एआइएसएफ के कार्यकर्ताओं ने बेगूसराय रेलवे स्टेशन को माडल स्टेशन बनाने, सभी एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने, विश्वविद्यालय मुख्यालय दरभंगा के लिए दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने समेत अन्य मांगों को लेकर स्टेशन पर रोषपूर्ण प्रदर्शन किया। आक्रोशित एआइएसएफ के कार्यकर्ताओं ने रेल पटरी पर खड़े होकर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने रेल पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए।रेल चक्का जाम में शामिल छात्रों का जत्था एसबीएसएस (को-आपरेटिव) कालेज से निकलकर नारेबाजी करते हुये स्टेशन परिसर पहुंचा। यहां पहुंचने बाद आंदोलनकारी छात्र प्लेटफार्म नंबर- एक के रेल पटरी पर उतर कर प्रदर्शन करने लगे। इसी बीच दानापुर-सहरसा इंटरसिटी के प्लेटफार्म नंबर- दो पर आने की सूचना प्रसारित होते ही आंदोलनकारी पुलिस को धत्ता बताते हुये प्लेटफार्म नंबर- दो के पटरी पर पहुंच प्रदर्शन करने लगे। हालांकि, रेल प्रशासन द्वारा किसी भी ट्रेन को प्लेटफार्म पर नहीं लाया गया। वहीं, आरपीएफ व जीआरपी के अधिकारियों को आंदोलनकारियों को समझाने-बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। परंतु, छात्र रेल बोर्ड के वरीय अधिकारी से वार्ता की बात पर अड़ गये। इसके बाद रेल पुलिस डीएसपी आलोक कुमार ने छात्रों को हिरासत में लेने का निर्देश दिया। वहीं, इस दौरान छात्र व पुलिस में जमकर नोकझोंक भी हुई। बाद में छात्रों को हिरासत में लेकर दो घंटे तक प्रतीक्षालय में रखा गया। छात्रों को हिरासत में लेने के बाद ही रेल परिचालन सामान्य हो सका। आंदोलन के कारण यात्रियों में भी अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।इधर, प्रदर्शनकारी छात्रों को संबोधित करते हुए एआइएसएफ के राष्ट्रीय सचिव अभिनव कुमार अकेला ने कहा कि 26 दिसंबर 2012 को बेगूसराय स्टेशन पर संगठन द्वारा किये गये धरना-प्रदर्शन बाद त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। परंतु, अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। रेलवे बोर्ड साजिश के तहत बेगूसराय की उपेक्षा कर रही है। बोले, मांगों को पूरा नहीं किया गया, तो 5 मार्च को फिर से रेल का चक्का जाम किया जायेगा और इसके बाद भी रेलवे बोर्ड नहीं सुधरी तो अनिश्चितकालीन आंदोलन होगा। आंदोलन का नेतृत्व संगठन के जिलाध्यक्ष अमीन हमजा, जिला सचिव रूपक कुमार, इकबाल, तारिक, रामकृष्ण, रौशन, किशोर, मुकेश, मोहन, राजेश, अमित, अजीत, जयकृष्ण, सचिन, गुलशन, कन्हैया, मनीष, विक्की आदि कर रहे थे। इधर, रेल डीएसपी आलोक कुमार ने बताया कि संगठन के मांगों को लेकर डीआरएम द्वारा रेलवे बोर्ड को 2 जनवरी को ही लिखा जा चूका है। | ||